गाजीपुर: सड़क हादसे में घायल 16 वर्षीय छात्र की इलाज के दौरान मौत, इकलौते भाई के जाने से सनेहुआ गांव में पसरा सन्नाटा
1 min read


गाजीपुर: सड़क हादसे में घायल 16 वर्षीय छात्र की इलाज के दौरान मौत, इकलौते भाई के जाने से सनेहुआ गांव में पसरा सन्नाटा
अकील अहमद बहादुरगंज (गाजीपुर) | 29 मार्च 2026
गाजीपुर जिले के बहादुरगंज क्षेत्र में सड़क दुर्घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। रामनवमी के दिन सनेहुआ ग्राम सभा में हुए एक भीषण सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल नवयुवक ओमप्रकाश सरोज (16 वर्ष) की आज सुबह वाराणसी के बीएचयू ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान मौत हो गई। ओमप्रकाश की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

पाँच बहनों के बीच इकलौता भाई था ओमप्रकाश
मृतक ओमप्रकाश सरोज पुत्र राजेश सरोज, बहादुरगंज के प्रतिष्ठित के.एम. इंटर कॉलेज में कक्षा 9 का छात्र था। वह अपने पांच भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर था और माता-पिता का इकलौता बेटा था। अभी तक उसकी किसी भी बहन की शादी नहीं हुई है। इकलौते चिराग के बुझ जाने से मां बबीता कुमारी और बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जैसे ही शव गांव पहुंचा, चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया।
कैसे हुआ था हादसा?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह दर्दनाक दुर्घटना बीते बृहस्पतिवार को सलामतपुर के पास घटित हुई थी। ओमप्रकाश अपने साथी ऋतिक सरोज के साथ मोटरसाइकिल पर सवार था, तभी एक तेज रफ्तार अनियंत्रित पिकअप ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पिकअप चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा था, जिससे यह हादसा हुआ।
इलाज के दौरान तोड़ा दम
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को गोपीनाथ अस्पताल पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मऊ रेफर कर दिया गया। मऊ के प्रकाश हॉस्पिटल में इलाज के दौरान ओमप्रकाश की हालत बिगड़ती देख डॉक्टरों ने उसे बीएचयू ट्रामा सेंटर, वाराणसी रेफर कर दिया। वह कई दिनों से आईसीयू में जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा था, लेकिन आज सुबह उसकी सांसें थम गईं। वहीं, दूसरे घायल युवक ऋतिक सरोज की हालत में सुधार होने पर उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
प्रशासन से ब्रेकर लगवाने की मांग
इस हृदयविदारक घटना के बाद स्थानीय निवासियों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने PWD विभाग और जिला प्रशासन से मांग की है कि सलामतपुर और सनेहुआ क्षेत्र में सड़कों पर जगह-जगह स्पीड ब्रेकर लगाए जाएं। लोगों का कहना है कि तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग के कारण आए दिन नवयुवक काल के गाल में समा रहे हैं। ग्रामीणों ने लापरवाह पिकअप चालक पर सख्त कार्रवाई की भी मांग की है।
