. भगवती प्रसाद भट्ट बने भरसार उद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय के नए कुलपति
1 min read



डॉ. भगवती प्रसाद भट्ट बने भरसार उद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय के नए कुलपति
देहरादून, 11 जून, 2026: उत्तराखंड के राज्यपाल एवं कुलाधिपति लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि.) ने वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली उत्तराखंड औद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, भरसार (पौड़ी गढ़वाली) में नए कुलपति की नियुक्ति का आदेश जारी कर दिया है। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR), नई दिल्ली में विशेष कार्याधिकारी (OSD) के पद पर कार्यरत डॉ. भगवती प्रसाद भट्ट को विश्वविद्यालय का नया कुलपति नियुक्त किया गया है।
राजभवन (लोक भवन, देहरादून) से जारी आधिकारिक आदेश संख्या— 31247/जी०एस०(शिक्षा)/C13-2(II)(E-372)/2022 के अनुसार, यह नियुक्ति कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से 03 वर्ष अथवा अग्रत्तर आदेशों तक (जो भी पहले हो) के लिए की गई है।
पिछली व्यवस्था को किया गया निरस्त
इस नए आदेश के लागू होने के साथ ही विश्वविद्यालय के कुलपति पद के कार्य दायित्वों हेतु पूर्व में की गई अस्थायी/अंतरिम व्यवस्था को तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दिया गया है। इससे पहले 15 दिसंबर, 2025 को आदेश संख्या 26934 के तहत एक अंतरिम व्यवस्था की गई थी, जिसे अब अतिक्रमित (superseded) कर दिया गया है।
नियम और चयन प्रक्रिया
यह नियुक्ति उत्तर प्रदेश कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय अधिनियम, 1958 (उत्तराखंड राज्य में यथा प्रवृत्त एवं अनुकूलित) की धारा-11 की उपधारा-1 के प्रावधानों के अंतर्गत गठित अन्वेषण समिति (Search Committee) द्वारा प्रस्तुत पैनल की सिफारिशों के आधार पर की गई है।
इन विभागों को भेजी गई सूचना
कुलाधिपति के सचिव रविनाथ रमन के हस्ताक्षरों से जारी इस आदेश की प्रतिलिपि आवश्यक कार्यवाही हेतु निम्नलिखित प्रमुख अधिकारियों को भेज दी गई है:
- मुख्य सचिव, उत्तराखण्ड शासन।
- सचिव, मा. मुख्यमंत्री जी, उत्तराखण्ड शासन।
- सचिव, कृषि एवं कृषक कल्याण विभाग, उत्तराखण्ड शासन।
- महानिदेशक, भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद, नई दिल्ली।
- डॉ. परविन्दर कौशल (पूर्व कुलपति) एवं नव-नियुक्त कुलपति डॉ. भगवती प्रसाद भट्ट।
- कुलसचिव, भरसार विश्वविद्यालय।
डॉ. भट्ट की इस नियुक्ति से उम्मीद जताई जा रही है कि उत्तराखंड में औद्यानिकी (Horticulture) और वानिकी (Forestry) के क्षेत्र में अनुसंधान और शैक्षणिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
