South Asia 24×7 का मतलब पक्की खबर, देश और जहान की ताजातरीन खबरें,पत्रकारिता की नई आधारशिला, निष्पक्षता और पारदर्शिता अब, South Asia 24×7 पर खबर ग्राउंड जीरो से, मंझे हुए संवाददाताओं के साथ,हर जन मुद्दे पर, सीधा सवाल सरकार से ,सिर्फ South Asia 24 ×7 पर,पत्रकारिता की मजबूती के लिए जुड़िए हमारे साथ, South Asia 24×7 के यूट्यूब चैनल,फेसबुक और ट्विटर पर क्योंकि हम करते है बात मुद्दे की

South Asia24x7

Hindi News, Breaking News in Hindi, हिंदी न्यूज़ , Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi,South Asia24x7

देहरादून में भू-माफियाओं का दुस्साहस: मोथरोवाला में श्री गुरु राम राय दरबार साहिब की भूमि पर कब्जा करने पहुंचे बदमाशों ने संगतों पर की पत्थरबाजी, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

1 min read

देहरादून में भू-माफियाओं का दुस्साहस: मोथरोवाला में श्री गुरु राम राय दरबार साहिब की भूमि पर कब्जा करने पहुंचे बदमाशों ने संगतों पर की पत्थरबाजी, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

देहरादून, 11 जून 2026।

राजधानी देहरादून में पैर पसार चुके भू-माफियाओं के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब वे प्रतिष्ठित धार्मिक संस्थाओं की जमीनों पर भी सरेआम डाका डालने से बाज नहीं आ रहे हैं। ताजा मामला क्लेमेन्टाउन थाना क्षेत्र के मोथरोवाला से सामने आया है, जहां बुधवार, 10 जून को ऐतिहासिक दरबार श्री गुरु राम राय जी महाराज की लगभग पांच बीघा बेशकीमती भूमि पर अवैध कब्जे और प्लॉटिंग को लेकर भारी तनाव पैदा हो गया। कोर्ट का स्टे ऑर्डर (स्थगन आदेश) होने के बावजूद अवैध निर्माण करा रहे भू-माफिया नितिन मनेरिया और उसके गुर्गों ने निरीक्षण करने पहुंची संगतों पर जानलेवा हमला और भारी पत्थरबाजी की। हालांकि, संगतों ने अदम्य साहस दिखाते हुए मुख्य आरोपी नितिन मनेरिया को मौके पर ही दबोचकर पुलिस के हवाले कर दिया। इस हिंसक झड़प में कुछ संगतों के घायल होने की खबर है, जिन्हें उपचार के लिए श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली है।

​थार और इनोवा से हथियारों के साथ पहुंचे थे बदमाश

​दरबार प्रशासन और प्रत्यक्षदर्शियों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर लगभग दो बजे करीब 500 से अधिक संगतें 5 बसों और कई कारों के जत्थों में मोथरोवाला स्थित दरबार साहिब की भूमि पर कार सेवा और निरीक्षण के लिए रवाना हुई थीं। इसकी भनक लगते ही भू-माफिया नितिन मनेरिया अपने साथियों के साथ 6 कारों, थार और इनोवा गाड़ियों में सवार होकर हथियारों से लैस होकर वहां पहुंच गया और झाड़ियों में छिप गया।

​जैसे ही संगतों की मुख्य गाड़ियों के पहुंचने से पहले 5-6 युवकों की एक एडवांस टीम कार से मौके पर उतरी, वैसे ही नितिन मनेरिया और उसके बदमाशों ने उन पर अचानक लाठी-डंडों, पत्थरों और हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया। बदमाशों ने अपनी रिवाल्वर और पिस्टल लहराकर संगतों को डराने-धमकाने और खदेड़ने की पूरी कोशिश की।

​संगतों के भारी आक्रोश के आगे भागे गुर्गे, मुख्य आरोपी दबोचा

​अचानक हुए इस हमले से एक बार तो वहां अफरा-तफरी मच गई, लेकिन तभी बसों में सवार होकर संगतों का भारी हुजूम वहां पहुंच गया। संगतों की भारी भीड़, उनके अदम्य साहस, जोश और आक्रोश को देखकर नितिन मनेरिया के साथ आए भाड़े के शूटर और बदमाश अपनी गाड़ियां छोड़कर मौके से दुम दबाकर फरार हो गए। वहीं, संगतों के कुछ जांबाज युवकों ने घेराबंदी करते हुए मुख्य सरगना नितिन मनेरिया को मौके पर ही दबोच लिया।

​विशेष बात यह रही कि पकड़े जाने के बाद कैमरे के सामने ही भू-माफिया नितिन मनेरिया ने यह स्वीकार किया कि संबंधित विवादित भूमि श्री दरबार साहिब की ही है और उससे बहुत बड़ी गलती हुई है। इसके बाद मौके पर पहुंची उत्तराखण्ड पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया और थाना क्लेमेन्टाउन में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी।

​स्थानीय निवासियों में असुरक्षा का माहौल, बाहरी बदमाशों पर उठे सवाल

​इस दुस्साहसिक घटना के बाद से मोथरोवाला क्षेत्र के स्थानीय नागरिकों में भारी डर और असुरक्षा की भावना व्याप्त है। स्थानीय लोगों ने चिंता व्यक्त करते हुए बताया कि पिछले कुछ समय से क्षेत्र में संदिग्ध और बाहरी भू-माफिया किस्म के अपराधियों की आवाजाही अचानक बहुत बढ़ गई है। ये लोग हथियारों के साथ घूमते हैं और जमीनों पर जबरन कब्जा करने की फिराक में रहते हैं। स्थानीय जनता ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि ऐसे बाहरी तत्वों का तत्काल सत्यापन किया जाए और क्षेत्र की शांति व्यवस्था को भंग करने वालों पर कठोरतम ‘भू-माफिया एक्ट’ के तहत कार्रवाई की जाए।

​”एक इंच जमीन भी नहीं देंगे”: संगतों की खुली चेतावनी

​इस घटना के बाद से श्री दरबार साहिब से जुड़े देश-विदेश के लाखों श्रद्धालुओं और संगतों में भारी आक्रोश है। संगतों ने दो टूक शब्दों में भू-माफियाओं को चेतावनी देते हुए कहा है कि वे श्री दरबार साहिब की एक इंच भूमि पर भी अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं करेंगे। संगतों ने कड़े लहजे में कहा, “अगर किसी ने भी दोबारा दरबार साहिब की संपत्तियों की तरफ आंख उठाकर भी देखा, तो अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहे। जरूरत पड़ी तो हजारों की संख्या में संगतें सड़कों पर उतरेंगी और भू-माफियाओं को भागने की जगह नहीं मिलेगी।”

​दरबार श्री गुरु राम राय जी महाराज प्रबंधन का कहना है कि संस्था के पास भूमि के सभी वैध और पुख्ता राजस्व अभिलेख मौजूद हैं, जिन्हें शासन-प्रशासन को पहले ही सौंपा जा चुका है। दरबार साहिब की सतर्कता और लगातार कराई जा रही बाउंड्रीवॉल के कारण ही भू-माफिया बौखलाए हुए हैं।

​इस बीच, कानून-व्यवस्था और शांति बनाए रखने के लिए दरबार साहिब के वरिष्ठ व्यवस्थापक श्री विजय गुलाटी द्वारा कुछ व्यक्तियों की एक सूची संगतों को उपलब्ध कराई गई है, ताकि आपसी संवाद स्थापित कर किसी भी प्रकार के भ्रम, विवाद या बाहरी षड्यंत्र की आशंकाओं को शांतिपूर्वक दूर किया जा सके। दरबार प्रशासन ने शासन और पुलिस महानिदेशक से मांग की है कि इस पूरे सिंडिकेट का पर्दाफाश कर देहरादून को भू-माफिया मुक्त बनाया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!