उत्तरकाशी: DM का ‘नायक’ अवतार! विकास भवन में फिल्मी अंदाज में मारा छापा; लाभार्थियों को फोन लगा खुली पोल, मचा हड़कंप
1 min read


उत्तरकाशी: DM का ‘नायक’ अवतार! विकास भवन में फिल्मी अंदाज में मारा छापा; लाभार्थियों को फोन लगा खुली पोल, मचा हड़कंप
उत्तरकाशी। उत्तरकाशी के जिलाधिकारी प्रशांत आर्य मंगलवार शाम अचानक ‘नायक’ फिल्म के अनिल कपूर वाले अंदाज में नजर आए। जब आम तौर पर दफ्तरों में छुट्टी की तैयारी हो रही थी,
डीएम साहब सीधे विकास भवन जा धमके।
उनके इस औचक निरीक्षण से अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच ऐसी अफरा-तफरी मची कि पूरे परिसर में हड़कंप मच गया।
फिल्मी स्टाइल: फोन कॉल से खुला योजनाओं का सच
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी का अंदाज पूरी तरह फिल्मी रहा। उन्होंने फाइलों और रजिस्टरों के केवल पन्ने ही नहीं पलटे, बल्कि सीधे जनता से ‘फीडबैक’ लिया। डीएम ने खुद अपने फोन से उन लाभार्थियों को कॉल मिलाया जिन्होंने सरकारी योजनाओं के लिए आवेदन किया था।
जब उन्होंने एक व्यक्ति को फोन कर पूछा—
“आपने शादी के अनुदान के लिए अप्लाई किया था, क्या आपको पैसा मिल गया?”
उधर से जवाब मिला तो डीएम ने संतोष जताया। एक-एक करके उन्होंने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों से बात की और मौके पर ही अधिकारियों के रजिस्टरों से मिलान किया।
जिलाधिकारी की इस ‘क्रॉस-चेकिंग’ ने दफ्तर में मौजूद अधिकारियों के पसीने छुड़ा दिए।
लापरवाही पर कड़ा रुख: वेतन रोकने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान कई अधिकारी और कर्मचारी निर्धारित समय से पहले ही गायब मिले, जिनका डीएम ने तत्काल स्पष्टीकरण तलब किया है।
सहकारिता विभाग के कार्यों की जानकारी न होने और संतोषजनक उत्तर न देने पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जताई।
उन्होंने सहकारी समिति के गोदाम और केंद्रीय उपभोक्ता भंडार की रिपोर्ट मांगी और स्पष्ट किया कि रिपोर्ट न मिलने तक संबंधित का वेतन रोक दिया जाए।
समाज कल्याण और पशुपालन विभाग डीएम ने सख्त निर्देश दिए कि कोई भी पात्र छात्र छात्रवृत्ति से वंचित न रहे। उन्होंने योजनाओं की वित्तीय प्रगति की भी गहन समीक्षा की।
महिला बाल विकास के एकल महिला स्वरोजगार योजना की पत्रावली तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश जिला कार्यक्रम अधिकारी को दिए गए।
