देहरादून में सनसनीखेज फायरिंग कांड का खुलासा: ‘रोड रेज’ नहीं बार के बिल का विवाद बना बुजुर्ग की मौत का कारण, 4 गिरफ्तार
1 min read


देहरादून में सनसनीखेज फायरिंग कांड का खुलासा: ‘रोड रेज’ नहीं बार के बिल का विवाद बना बुजुर्ग की मौत का कारण, 4 गिरफ्तार
देहरादून (उत्तराखंड): राजधानी देहरादून के राजपुर क्षेत्र में सोमवार सुबह हुई सनसनीखेज फायरिंग और मॉर्निंग वॉक पर निकले 74 वर्षीय बुजुर्ग मुकेश कुमार जोशी की मौत के मामले में दून पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। जिस घटना को शुरुआत में ‘रोड रेज’ माना जा रहा था, वह दरअसल ZEN-Z बार के बिल को लेकर उपजा एक खूनी विवाद निकला। पुलिस ने इस मामले में बार संचालक सहित दोनों पक्षों के 4 मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
बिल के विवाद से शुरू हुई खूनी रंजिश
पुलिस जांच और एसएसपी देहरादून परमेंद्र डोभाल के बयान के अनुसार, विवाद की जड़ कुठालगेट स्थित ‘ZEN-Z बार’ में 29 मार्च की रात को हुए झगड़े में थी। बार में आए युवक आदित्य चौधरी और उसके साथियों का बार कर्मी मोहित अग्रवाल से बिल कम करने को लेकर विवाद हुआ था। इस झगड़े के दौरान बार कर्मियों ने आदित्य की स्कॉर्पियो कार का शीशा तोड़ दिया था, जिसके बाद आदित्य का गुट देख लेने की धमकी देकर वहां से चला गया था।
क्रॉस फायरिंग की चपेट में आए निर्दोष बुजुर्ग
30 मार्च की सुबह करीब 6:30 बजे, जब बार कर्मी बार मालिक की फॉर्च्यूनर कार से सामान लेने जा रहे थे, तभी स्कॉर्पियो सवार आदित्य चौधरी और उसके साथियों ने उन्हें देख लिया। बदला लेने की नीयत से स्कॉर्पियो सवारों ने फॉर्च्यूनर का पीछा शुरू किया और मालसी के पास फायरिंग कर दी। जवाब में फॉर्च्यूनर सवार बार कर्मियों ने भी अपने पास रखे अवैध तमंचों से गोलियां चलाईं। इसी क्रॉस फायरिंग के दौरान मॉर्निंग वॉक पर निकले निर्दोष बुजुर्ग मुकेश कुमार जोशी को गोली लग गई, जिससे उनकी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई।
पुलिस की बड़ी कार्रवाई: बार सील और लाइसेंस रद्द की तैयारी
एसएसपी देहरादून ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल टीमों का गठन किया। पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो आरोपियों का ‘रोड रेज’ का झूठ पकड़ा गया। इस मामले में पुलिस ने निम्नलिखित 4 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है:
- रोहित कुमार (20 वर्ष, निवासी दिल्ली) – बार कर्मी
- मौ0 अखलाक उर्फ साबिर (23 वर्ष, निवासी बिहार) – बार कर्मी
- संदीप कुमार (43 वर्ष, निवासी दिल्ली) – बार संचालक (जिसने अवैध हथियार मुहैया कराए)
- आदित्य चौधरी (20 वर्ष, निवासी रायपुर, देहरादून) – स्कॉर्पियो सवार मुख्य हमलावर
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की स्कॉर्पियो, दो अवैध तमंचे, और जिंदा कारतूस बरामद कर लिए हैं। वहीं, विवाद की मुख्य वजह रहे ZEN-Z बार को पुलिस ने तत्काल प्रभाव से सील कर दिया है और इसके लाइसेंस निरस्तीकरण की रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेज दी गई है।
फरार आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस ने इस मामले में शान्तनु त्यागी, कविश त्यागी, समीर चौधरी और वैभव को वांछित घोषित किया है। एसएसपी ने बताया कि इन फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1), 125 और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
