ऐतिहासिक कण्वाश्रम में गूंजा ‘भरत’ का गौरव: विधानसभा अध्यक्षा ने किया चक्रवर्ती सम्राट भरत की प्रतिमा का अनावरण
1 min read


ऐतिहासिक कण्वाश्रम में गूंजा ‘भरत’ का गौरव: विधानसभा अध्यक्षा ने किया चक्रवर्ती सम्राट भरत की प्रतिमा का अनावरण
कोटद्वार/पौड़ी | 23 जनवरी, 2026
बसंत पंचमी के पावन अवसर पर उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के पुनरुद्धार की दिशा में एक बड़ा अध्याय जुड़ गया है। कोटद्वार स्थित ऐतिहासिक एवं पौराणिक स्थल कण्वाश्रम में विधानसभा अध्यक्षा ऋतु खण्डूडी भूषण ने चक्रवर्ती सम्राट भरत की भव्य प्रतिमा का अनावरण किया। इस गौरवमयी अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वीडियो संदेश के माध्यम से कोटद्वार के लिए विकास योजनाओं की झड़ी लगा दी।
सांस्कृतिक पर्यटन: रोजगार और पहचान का नया मार्ग
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने संदेश में कहा कि कण्वाश्रम जैसे पौराणिक स्थलों का विकास राज्य सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि सांस्कृतिक पर्यटन के विस्तार से न केवल उत्तराखंड की पहचान वैश्विक स्तर पर बढ़ेगी, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए स्वरोजगार के द्वार भी खुलेंगे।
मुख्यमंत्री की 06 बड़ी घोषणाएं
क्षेत्र के विकास को गति देने के लिए मुख्यमंत्री ने निम्नलिखित घोषणाएं की हैं:
- पेयजल: मोटाढाक एवं हल्दूखाता नगरीय पेयजल पाइपलाइन का सुदृढ़ीकरण।
- शिक्षा: राजकीय इंटर कॉलेज कोटद्वार में नए कक्षों एवं चारदीवारी का निर्माण।
- बाढ़ सुरक्षा: दुगड्डा में खो नदी के तट पर स्थित ग्राम काशीपुर तल्ला और रतनपुर में सुरक्षा कार्य।
- आस्था: दुगड्डा क्षेत्र में सुखरों नदी के तट पर भव्य ‘आस्था पथ’ का निर्माण।
- सड़क: चिल्लरखाल-सिगड्डी-कोटद्वार-पाखरो मोटर मार्ग का सुदृढ़ीकरण।
- खेल: शशिधर भट्ट स्टेडियम का जीर्णाेद्धार।
कोटद्वार की वर्षों पुरानी मांग हुई पूर्ण
विधानसभा अध्यक्षा ऋतु खण्डूडी भूषण ने इस अवसर पर कहा, “चक्रवर्ती सम्राट भरत भारतीय संस्कृति के महान प्रतीक हैं। कण्वाश्रम में उनकी प्रतिमा स्थापित होना क्षेत्रवासियों के लिए गौरव की बात है।” उन्होंने इस ऐतिहासिक पहल के लिए मुख्यमंत्री और गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी का विशेष आभार व्यक्त किया।
जागर सम्राट की गूंज और लोकसंस्कृति का रंग
महोत्सव के समापन अवसर पर प्रसिद्ध जागर सम्राट प्रीतम भरतवाण ने अपनी प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। उनकी लोक लहरियों ने उपस्थित जनसमूह को उत्तराखंड की जड़ों से जोड़ दिया। कार्यक्रम में मेयर शैलेन्द्र सिंह रावत और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
