Dehradun: आस्था के शिखर पर झण्डा साहिब, 4:12 बजे हुआ भव्य आरोहण; बाज के दर्शन से निहाल हुई लाखों संगतें
1 min read


Dehradun: आस्था के शिखर पर झण्डा साहिब, 4:12 बजे हुआ भव्य आरोहण; बाज के दर्शन से निहाल हुई लाखों संगतें
देहरादून | 08 मार्च, 2026
“झण्डा चढ़या चढ़या ए देरादून, संगतां मनाले खुशियां…” इन भक्तिमय स्वरों और लाखों श्रद्धालुओं के जयकारों के साथ आज राजधानी देहरादून के ऐतिहासिक दरबार श्री गुरु राम राय जी महाराज में श्रद्धा का महासागर उमड़ पड़ा। रविवार शाम ठीक 4 बजकर 12 मिनट पर 94 फीट ऊंचे पवित्र श्री झण्डे जी का भव्य आरोहण संपन्न हुआ। इसी के साथ द्रोणनगरी की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहर ‘श्री झण्डा जी मेले’ का विधिवत शुभारंभ हो गया।
जयकारों से गूंजी द्रोणनगरी, उमड़ा जनसैलाब
सज्जादे गद्दीनशीन श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज की अगुवाई में आयोजित इस उत्सव में उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और विदेशों से भी लाखों संगतें पहुंचीं। जैसे ही पवित्र ध्वज का आरोहण पूर्ण हुआ, पूरा परिसर “जय श्री गुरु राम राय जी महाराज” के गगनभेदी जयकारों से गूंज उठा।

पंचगव्य स्नान और गिलाफ चढ़ाने की परंपरा
मेले की प्रक्रिया रविवार तड़के से ही शुरू हो गई थी:
- पवित्र स्नान: सुबह 8:30 बजे पुराने ध्वज दंड को उतारा गया। संगतों ने दूध, घी, शहद, गंगाजल और पंचगव्य से पवित्र ध्वज का अभिषेक किया।
- अनोखी परंपरा: पूरी प्रक्रिया के दौरान श्री झण्डे जी को जमीन पर नहीं रखा जाता; संगतें इसे अपने हाथों पर थामे रहती हैं।
- दर्शनी गिलाफ: दोपहर 1:30 बजे सबसे खास ‘दर्शनी गिलाफ’ चढ़ाने की प्रक्रिया शुरू हुई, जिसे स्पर्श करने के लिए श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखा गया।
बाज के दर्शन: दिव्य उपस्थिति का प्रतीक
हर वर्ष की तरह इस बार भी झण्डा आरोहण के बाद एक बाज ने श्री झण्डे जी की परिक्रमा की। संगतों के बीच मान्यता है कि यह बाज श्री गुरु राम राय जी महाराज की सूक्ष्म दिव्य उपस्थिति का प्रतीक है। इस दृश्य को देख श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।
श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज का संदेश
आरोहण के पश्चात श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा, “यह मेला प्रेम, सद्भावना और अमन-चैन का संदेश देता है। श्री गुरु महाराज की असीम कृपा सभी भक्तों पर सदैव बनी रहे।”
हाईटेक हुआ मेला: LED और ड्रोन से कवरेज
भीड़ को देखते हुए परिसर में 5 बड़ी एलईडी स्क्रीनें लगाई गई थीं। साथ ही फेसबुक और यूट्यूब पर सजीव प्रसारण किया गया। सुरक्षा और भव्यता को कैद करने के लिए ड्रोन कैमरों का भी इस्तेमाल किया गया।
मेला अधिकारी विजय गुलाटी ने सफल आयोजन के लिए पुलिस, प्रशासन और मीडिया का आभार व्यक्त किया।
