ई०सी० रोड स्थित विद्युत कार्यालयों का प्रबंध निदेशक ने किया औचक निरीक्षण, आपदा काल में निर्बाध आपूर्ति के दिए निर्देश
1 min read



ई०सी० रोड स्थित विद्युत कार्यालयों का प्रबंध निदेशक ने किया औचक निरीक्षण, आपदा काल में निर्बाध आपूर्ति के दिए निर्देश
देहरादून, 8 जुलाई।
उत्तराखण्ड पावर कारपोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) प्रदेश वासियों को उच्च गुणवत्ता की निरंतर और निर्बाध विद्युत आपूर्ति प्रदान करने के लिए दृढ़ संकल्पित है। इसी क्रम में यूपीसीएल के प्रबंध निदेशक ने विद्युत व्यवस्थाओं की व्यापक समीक्षा और उपभोक्ताओं को बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ई०सी० रोड स्थित विभिन्न विभागीय कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया।
यूपीसीएल प्रबंधन का मानना है कि उत्कृष्टता के शिखर पर पहुँचने का एकमात्र उपाय निरंतर प्रयास और सकारात्मक बदलाव है। इसी मूल मंत्र को आधार बनाकर निगम लगातार नए आयाम हासिल कर रहा है।
उपभोक्ताओं से बेहतर संवाद और समन्वय पर जोर
निरीक्षण के दौरान प्रबंध निदेशक ने कार्यालयों की कार्यप्रणाली को बारीकी से देखा और वहां मौजूद अधिकारियों व कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बिजली से जुड़ी समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए उपभोक्ताओं के साथ बेहतर संवाद स्थापित करना बेहद जरूरी है। उपभोक्ताओं की शिकायतों को गंभीरता से सुना जाए और उनका समाधान समय सीमा के भीतर सुनिश्चित किया जाए।
आपदा प्रबंधन के लिए पूर्व तैयारी के निर्देश
मानसून सीजन और संभावित आपदाओं के मद्देनजर प्रबंध निदेशक ने बिजली आपूर्ति की निरंतरता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि:किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तकनीकी सामग्री (जैसे- पोल, तार, ट्रांसफार्मर आदि) की उपलब्धता पहले से सुनिश्चित की जाए।प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल विद्युत बहाली के लिए पर्याप्त मानव संसाधन (मैनपावर) की पूर्व से ही समुचित व्यवस्था रहे।विद्युत व्यवस्था के सुचारू संचालन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मेयर सौरभ थपलियाल से शिष्टाचार भेंट, अंडरग्राउंडिंग कार्यों की समीक्षा
कार्यालयों के निरीक्षण के पश्चात् प्रबंध निदेशक ने नगर निगम, देहरादून का दौरा किया। वहां उन्होंने देहरादून के माननीय मेयर श्री सौरभ थपलियाल जी से शिष्टाचार भेंट की। इस बैठक के दौरान दोनों के बीच शहर की विद्युत व्यवस्था को और आधुनिक बनाने पर विस्तृत चर्चा हुई।
एशियन डेवलपमेंट बैंक (ADB) परियोजना की प्रगति पर चर्चा
बैठक में प्रबंध निदेशक ने मेयर को एशियन डेवलपमेंट बैंक (ADB) परियोजना के अंतर्गत देहरादून शहर में चल रहे अंडरग्राउंडिंग (भूमिगत) केबलिंग कार्यों की वर्तमान प्रगति से अवगत कराया। बैठक में उपस्थित परियोजना से जुड़े अधिकारियों और संबंधित अभियंताओं ने अब तक हुए कार्यों की स्थिति और आगामी कार्ययोजना की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।
रोड कटिंग की अनुमति के लिए किया आग्रह
शहर को तारों के जाल से मुक्त करने और सुरक्षा के लिहाज से इस बेहद महत्वपूर्ण परियोजना को समय पर पूरा करने के लिए प्रबंध निदेशक ने मेयर श्री सौरभ थपलियाल जी से विशेष सहयोग मांगा। उन्होंने आग्रह किया कि परियोजना के शेष बचे कार्यों को शीघ्रता से संपन्न कराने के लिए आवश्यक ‘रोड कटिंग’ (सड़क खुदाई) की अनुमति जल्द से जल्द दिलवाने का कष्ट करें, जिससे आम जनता को इस आधुनिक व्यवस्था का लाभ त्वरित रूप से मिल सके।
