विश्व कैंसर दिवस: श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल और सैन्य अस्पताल ने जागी जागरूकता की अलख
1 min read


विश्व कैंसर दिवस: श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल और सैन्य अस्पताल ने जागी जागरूकता की अलख
देहरादून। श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय (SGRRU), एसजीआरआर इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एंड हेल्थ साइंसेज और कॉलेज ऑफ नर्सिंग के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार, 4 फरवरी 2026 को विश्व कैंसर दिवस पर जागरूकता कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया। श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का उद्देश्य कैंसर की शीघ्र पहचान और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति समाज को जागरूक करना रहा।
नर्सिंग छात्रों ने रोल प्ले से मिटाईं भ्रांतियां
कार्यक्रम का शुभारंभ नर्सिंग छात्राओं के स्वागत संबोधन के साथ हुआ। इस अवसर पर ऑन्कोलॉजी विभाग के विशेषज्ञों ने विश्व कैंसर दिवस की महत्ता पर प्रकाश डाला। नर्सिंग छात्राओं ने एक प्रभावशाली रोल प्ले (नुक्कड़ नाटक) प्रस्तुत किया, जिसके माध्यम से कैंसर के प्रारंभिक लक्षणों, समाज में फैली भ्रांतियों और समय पर उपचार के लाभों को बारीकी से समझाया।
पोस्टर और मॉडल प्रदर्शनी ने खींचा ध्यान
जागरूकता अभियान के तहत स्वास्थ्य शिक्षा सत्र आयोजित किया गया, जिसमें चार्ट्स और पोस्टरों के जरिए सामान्य कैंसर और उनके जोखिम कारकों की जानकारी दी गई। पोस्टर प्रतियोगिता और मॉडल प्रदर्शनी में छात्रों ने अपनी रचनात्मकता के जरिए कैंसर रोकथाम के संदेश दिए। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को निर्णायक मंडल द्वारा पुरस्कृत किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ. पंकज गर्ग, डॉ. मनोज गुप्ता, नर्सिंग कॉलेज की प्राचार्या प्रो. (डॉ.) जी. रामलक्ष्मी और मेडिकल सर्जिकल नर्सिंग विभागाध्यक्ष प्रो. (डॉ.) पोनमारी के. सहित कई संकाय सदस्य और छात्र उपस्थित रहे।
