एसजीआरआर संस्थानों में गणतंत्र दिवस की धूम: देशभक्ति और संकल्प के साथ फहराया गया तिरंगा
1 min read


एसजीआरआर संस्थानों में गणतंत्र दिवस की धूम: देशभक्ति और संकल्प के साथ फहराया गया तिरंगा
ब्यूरो रिपोर्ट
देहरादून। श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय (SGRR) सहित एसजीआरआर समूह के समस्त संस्थानों में गणतंत्र दिवस का पावन पर्व हर्षोल्लास, देशभक्ति और राष्ट्र गौरव के साथ मनाया गया। दरबार श्री गुरु राम राय जी महाराज और विश्वविद्यालय के विभिन्न परिसरों में राष्ट्रीय ध्वज पूरे सम्मान और आन-बान-शान के साथ फहराया गया।
श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज का संदेश
श्री दरबार साहिब परिसर में सज्जादे गद्दीनशीन श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने प्रातः 9 बजे ध्वजारोहण किया। उन्होंने देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता और भारतीय मूल्यों को आत्मसात करने का आह्वान किया।
विश्वविद्यालय में भव्य परेड और सम्मान
SGRR विश्वविद्यालय परिसर में कुलपति प्रो. (डॉ.) के. प्रतापन ने तिरंगा फहराया और एनसीसी कैडेट्स, एनएसएस और 11 संघटक स्कूलों के छात्र-छात्राओं की सुसंगठित परेड की सलामी ली। कुलपति ने अपने संबोधन में कहा कि गणतंत्र दिवस संविधान की आत्मा को समझने और राष्ट्रहित में कर्तव्यों के निर्वहन का संकल्प लेने का दिन है। इस अवसर पर एनसीसी कैडेट्स आकृति रावत, निधि सोग्रवाल, आदित्य पटवाल और सार्जेंट प्रियंका को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। कुलसचिव डॉ. लोकेश गंभीर ने उपस्थित जनसमूह को संविधान निर्माताओं के सपनों को साकार करने की शपथ दिलाई।
