BPSC Recruitment 2026: बिहार न्यायिक सेवा परीक्षा के लिए आवेदन की तिथि बढ़ी; अब 30 अप्रैल तक कर सकेंगे आवेदन, जानें योग्यता और चयन प्रक्रिया
1 min read


BPSC Recruitment 2026: बिहार न्यायिक सेवा परीक्षा के लिए आवेदन की तिथि बढ़ी; अब 30 अप्रैल तक कर सकेंगे आवेदन, जानें योग्यता और चयन प्रक्रिया
पटना/देहरादून। बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने सिविल जज (जूनियर डिवीजन) के पदों पर भर्ती के इच्छुक अभ्यर्थियों को एक और मौका दिया है। आयोग ने 33वीं बिहार न्यायिक सेवा प्रतियोगिता परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि को बढ़ाकर 30 अप्रैल 2026 कर दिया है। पूर्व में आवेदन की अंतिम तिथि 18 मार्च निर्धारित थी।
पदों का विवरण और वेतनमान
बीपीएससी इस भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से सिविल जज (जूनियर डिवीजन) के कुल 173 रिक्त पदों को भरने जा रहा है। चयनित उम्मीदवारों को आकर्षक वेतनमान दिया जाएगा:
- वेतन: ₹77,840 से ₹1,36,520 प्रति माह।
कौन कर सकता है आवेदन? (योग्यता)
इस प्रतिष्ठित पद के लिए अभ्यर्थियों के पास निम्नलिखित अर्हताएं होनी अनिवार्य हैं:
- शैक्षणिक योग्यता: मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से एलएलबी (LLB) की डिग्री।
- अनुभव: बार में लीगल प्रैक्टिशनर के रूप में न्यूनतम तीन वर्ष का कार्य अनुभव।
- आयु सीमा: न्यूनतम 22 वर्ष और अधिकतम 35 वर्ष से कम (आयु की गणना 01 अगस्त 2025 के आधार पर होगी)। आरक्षित वर्गों को बिहार सरकार के नियमानुसार छूट दी जाएगी।
आवेदन शुल्क
- सभी वर्गों के लिए सामान्य शुल्क ₹100 निर्धारित है।
- यदि अभ्यर्थी आवेदन पत्र में अपनी आधार संख्या (Aadhar Number) अंकित नहीं करते हैं, तो उन्हें ₹200 अतिरिक्त (बायोमेट्रिक शुल्क के रूप में) भुगतान करना होगा।
कैसा होगा परीक्षा का प्रारूप?
चयन प्रक्रिया तीन चरणों में पूरी होगी: प्रारंभिक परीक्षा (Prelims), मुख्य परीक्षा (Mains) और साक्षात्कार (Interview)।
- प्रारंभिक परीक्षा: कुल 250 अंकों की होगी, जिसमें दो प्रश्न पत्र होंगे।
- प्रथम प्रश्न पत्र: सामान्य अध्ययन (100 अंक – 90 मिनट)।
- द्वितीय प्रश्न पत्र: विधि/कानून (150 अंक – 120 मिनट)।
- नेगेटिव मार्किंग: प्रत्येक गलत उत्तर पर एक चौथाई (1/4) अंक की कटौती की जाएगी।
आवेदन कैसे करें?
इच्छुक अभ्यर्थी बीपीएससी की आधिकारिक वेबसाइट bpsc.bih.ar.gov.in पर जाकर ‘Online Application’ लिंक के माध्यम से अपनी प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। आयोग ने सलाह दी है कि अंतिम समय की तकनीकी दिक्कतों से बचने के लिए अभ्यर्थी समय रहते आवेदन कर लें।
